राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सी.एस.आई.आर. -सीमैप में उत्साहपूर्ण आयोजन
“खेलेगा भारत, जीतेगा भारत”
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं फिट इंडिया मूवमेंट, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा किए जा रहे कार्यक्रमों के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर सी.एस.आई.आर.-सीमैप, लखनऊ में विभिन्न खेल एवं शारीरिक सक्रियता संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का राष्ट्रव्यापी अभियान 28 से 30 अगस्त 2026 तक “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के साथ “Tribute, Play & Move” के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है।
कार्यक्रम की शुरुआत फिट इंडिया/राष्ट्रीय खेल दिवस की शपथ के साथ हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी ने उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान परिसर में रस्साकसी, अट्टया-पट्ट्या एवं वॉकथॉन जैसी खेल एवं शारीरिक सक्रियता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान के कार्मिकों एवं विद्यार्थियों में शारीरिक सक्रियता, स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खेलों के माध्यम से फिट एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना रहा।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश को आत्मसात करते हुए नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन सी.एस.आई.आर.-सीमैप स्टाफ क्लब “महक” द्वारा किया गया।


Post a Comment