Jay Times News

सिपेट (CIPET: IPT), लखनऊ में 'Student Connect & Orientation Day 2026' का आयोजन

सिपेट (CIPET: IPT), लखनऊ में 'Student Connect & Orientation Day 2026' का आयोजन
संवाददाता। 
-कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नवागंतुक विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन; आधुनिक प्रयोगशालाओं एवं कार्यशालाओं का किया निरीक्षण
-डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी: मंत्री कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ।
केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET: IPT), लखनऊ में सोमवार को नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत, मार्गदर्शन एवं करियर निर्माण की सही दिशा तय करने हेतु 'Student Connect & Orientation Day 2026' का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने संस्थान परिसर में संचालित अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब्स, उच्चस्तरीय प्रयोगशालाओं तथा आधुनिक कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल प्रोसेसिंग, मोल्ड डिजाइनिंग और गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी तकनीकों की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर हरित परिसर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि "जीवन और खेल के मैदान में हार-जीत स्वाभाविक है। जो हार से डरता है, वह कभी बड़ी जीत हासिल नहीं कर सकता। आज कड़े कॉम्पिटिशन का दौर है; यदि 200 रिक्तियों के लिए 2,000 युवा कतार में हैं, तो चयन उसी का होगा जिसके पास डिग्री के साथ-साथ उत्कृष्ट संवाद क्षमता, बॉडी लैंग्वेज, अनुशासन और आत्मविश्वास होगा। जब आप सवाल पूछने और सही जवाब देने का साहस जुटाते हैं, तो वही आत्मविश्वास आपकी सबसे बड़ी पूंजी बनता है।

उन्होंने युवाओं को समय प्रबंधन और ईमानदारी की सीख देते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक का उपयोग अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए करें, सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ गंवाने के लिए नहीं। स्वयं के प्रति ईमानदार रहें। जो हुनर आप अपने हाथों और मस्तिष्क से सीखते हैं, उसे आपसे कोई नहीं छीन सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट विजन है कि प्रदेश का हर युवा हुनरमंद बनकर 'विकसित भारत' और 'विकसित उत्तर प्रदेश' के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाए। किसी भी नकारात्मक भटकाव से दूर रहकर केवल अपने कौशल और राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करें।

संस्थान के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख विवेक कुमार ने सभी अतिथियों और नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि सिपेट: आई.पी.टी., लखनऊ तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और उद्योग-उन्मुख (Industry-Oriented) प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर नए मानक स्थापित कर रहा है। पेट्रोकेमिकल्स एवं प्लास्टिक इंजीनियरिंग सेक्टर में आज दक्ष प्रोफेशनल्स की भारी मांग है। संस्थान का पाठ्यक्रम और व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को सीधे वैश्विक उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करता है। हमारा उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और उद्यमशीलता की भावना को विकसित करना है।

कार्यक्रम में संस्थान के शैक्षणिक प्रमुख डॉ. राजेश पांडा, संकाय सदस्य, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में मंत्री ने सभी नवागंतुक विद्यार्थियों को उनके सफल शैक्षणिक सत्र और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post