संवाददाता।
-अब ऑफलाइन भी चिकित्सा प्रतिपूर्ति का दावा होगा स्वीकार
-अन्य कई बिन्दुओं पर भी बनी सकारात्मक सहमति
लखनऊ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज राज्य पेंशनर सलाहकार समिति की बैठक अपर मुख्य सचिव, वित्त श्री दीपक कुमार की अध्यक्षता में नवीन भवन सचिवालय स्थित पारिजात सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में वित्त, न्याय, गृह, कार्मिक व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ निदेशक कोषागार, निदेशक पेंशन सहित लगभग 20 प्रांतीय पेंशनर संगठनों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
16 संगठनों के संयुक्त मंच संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश की ओर से सह संयोजक क्षमा नाथ दुबे व ओंकार नाथ तिवारी द्वारा पेंशनर्स की समस्याओं को रखा गया।
चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी शासनादेश दिनांक 9 सितंबर 2026 के कारण उत्पन्न समस्या को दृष्टिगत रखते हुए चिकित्सा प्रतिपूर्ति का दावा प्रस्तुतीकरण की आनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन व्यवस्था को भी पूर्ववत जारी रखने पर सहमति बनी। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव वित्त द्वारा यह भी कहा गया की 10 दिनों के भीतर चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके इसका स्थाई निदान किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव वित्त द्वारा पेंशन पुनरीक्षण के प्रकरण को 8वें केन्द्रीय वेतन आयोग के विचारणीय बिंदुओं में शामिल किये जाने, कोरोना काल के 18 माह के फ्रीज्ड DA/ DR के एरियर का भुगतान करने, 60, 65 और 70 वर्ष की आयु पर पेंशनर्स को 5% अतिरिक्त पेंशन प्रदान किये जाने एवं वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये मे छूट बहाल किये जाने के प्रकरण को भारत सरकार को संदर्भित किये जाने का आश्वासन दिया गया।
मृतक आश्रित विधवा पुत्र वधू को भी पारिवारिक पेंशन व चिकित्सा सुविधा हेतु हेतु अर्ह किये जाने की मांग पर भी शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया गया।
एनपीएस से आच्छादित सेवानिवृत्त कार्मिकों को भी कार्यरत कर्मचारियों की भांति चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने की बिंदु पर प्रकरण के विचार अधीन होने की बात कहते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों के निवारण हेतु सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की अध्यक्षता में गठित समिति की रिपोर्ट लागू होने तक इंतजार करने की बात कही गई।
चिकित्सा संबंधी अन्य बिंदुओं पर भी अपर मुख्य सचिव द्वारा सकारात्मक रुख अपनाते हुए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में विचार करने की बात कही गई।
बैठक में विभिन्न पेंशनर संगठनों की ओर से क्षमा नाथ दुबे, श्याम सुंदर अग्निहोत्री, अख्तर अली फारूकी, शिव शंकर दुबे, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, टी एन द्विवेदी, महेंद्र त्रिपाठी, अमृतलाल साहू, बी एन मिश्रा, अमरनाथ यादव, ओम प्रकाश त्रिपाठी, ओंकार नाथ तिवारी, दिवाकर राय, संपूर्णानंद द्विवेदी, बीके तिवारी आदि मौजूद रहे।
अपर मुख्य सचिव द्वारा सभी को धन्यवाद के साथ बैठक का समापन किया गया।
Post a Comment