Jay Times News

बांस शिल्प कला बोर्ड के गठन पर विचार होगा :केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री

...
संवाददाता। 
लखनऊ। प्रदेश सरकार बांस शिल्प को बढ़ावा देने के लिये बांस शिल्प कला बोर्ड के गठन पर विचार करेगी, उक्त विचार आज बांसकार महासम्मेलन जो विश्वैसरैया सभागार में आयोजित किया गया उसमें उ०प्र० के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि बांस उत्पादों के विकास के लिये सरकार सजग है और बांस शिल्प कला को बढ़ावा देकर बांस उत्पादो को विदेशों में बेचेंगे।

मौर्य ने कहा कि सरकारी सेवाओं में 60 प्रतिशत का आरक्षण है जिसमें 27 प्रतिशत पिछड़ा, 21 प्रतिशत दलित, 2 प्रतिशत अनु० जनजाति और 10 प्रतिशत सामान्य वर्ग के गरीबों के लिये रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में आरक्षण का हनन नहीं होने दिया जायेगा।  

मौर्य ने अयोध्या में हुए कार सेवा आन्दोलन के दौरान शहीद हुए राजेन्द्र धरकार के परिवारजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने अयोध्या राम जन्म भूमि आन्दोलन में भाग लिया। राजेन्द्र धरकार की शहादत व्यर्थ नहीं गयी और अयोध्या में भगवान राम का भव्य मन्दिर बना।

सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हिन्दू परम्परा में बांस को पवित्र माना जाता है। भगवान विष्णु को वेणु गोपाल बांस की बांसुरी वाला कहा जाता है। पुराणों में वर्णित है कि भगवान राम का धनुष बांस निर्मित था। 

उनका कहना था कि बांस जन्म से लेकर मृत्यु तक प्रासंगिक है। विवाह, गृह प्रवेश, मंडप निर्माण और पूजा में बांस को महत्व दिया जाता है। इसलिए बांस का कार्य करने वाले भी पवित्र विधा से जुड़े हैं। सरकार बांस की खेती बढ़ाने तथा बांसकारों के विकास हेतु समुचित अवसर प्रदान करेगी। 

सम्मेलन के संयोजक तथा विधान परिषद के सदस्य डा० लालजी प्रसाद निर्मल ने सम्मेलन में प्रस्ताव रखते हुए कहा कि बांस शिल्प कला आदि काल से चली आ रही है। किन्तु बांस की अनुपलब्धता के कारण यह कला विलुप्त हो रही है। इसमें बांस की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु बांस की खेती के लिये बांसकारों को पट्टे पर जमीन का आवंटन किया जाना चाहिए। बांसकारों की वंशज महाराजा वेनु की प्रतिमा स्थापित करने तथा बांस शिल्प कला बोर्ड के गठन की मांग भी सम्मेलन में की गयी।

सम्मेलन में प्रस्ताव के माध्यम से बांसकार समाज की जातियों, धरकार, बांसफोड़, बसोर को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवास आवंटन के लिए प्राथमिकता दिये जाने हेतु उ०प्र० के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आभार व्यक्त किया गया।

सम्मेलन में यह भी प्रस्ताव किया कि इस समाज के लोग सर्वाधिक गरीब हैं। इसलिए सबको फ्री में राशन उपलब्ध कराये जाने से इन वर्गो में खुशी की लहर है इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया गया।
सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री द्वय को बांसकार समाज द्वारा बांस निर्मित टोपी पहनाई गई तथा बांस के उत्पाद भेंट किए गए।

सम्मेलन में असम से आए राज्य सफाई कर्मचारी आयोग असम के अध्यक्ष बैजनाथ बांसफोर, बांस शिल्प कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष/विधायक घनश्याम पुरोनिया, आंबेडकर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार सरोज तथा महामंत्री अमरनाथ प्रजापति ने भी संबोधित किया। 

सम्मेलन में परदेशी वर्मा, घनश्याम बेनकर, ब्रहमानन्द धारिया, हनुमान प्रसाद, बाबूलाल धरकार, प्रदीप बसोर, राममूर्ति बांसफोड़, पुष्पराज वर्मा (विपिन) भी उपस्थित रहे। अध्यक्षता डा० लालजी प्रसाद निर्मल जी ने किया और संचालन बाबू लाल धरकार ने किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post