...
संवाददाता।
-लोक गायन से गूंजा अंतिम दिन, डॉ. मालविका हरिओम के गीतों ने बांधा समां
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश की कला, कौशल और कारीगरी को वैश्विक मंच देने वाले UP International Trade Show 2026 (UPITS) का मंगलवार को सफल समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) का पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना रहा और अंतिम दिन उसे बड़ी उपलब्धि हासिल हुई।
UPSDM को हॉल नंबर-7 में 'Best Display Stand' के प्रतिष्ठित अवॉर्ड से नवाजा गया। मिशन के स्टॉल की भव्यता, इंटरैक्टिव प्रस्तुति और 16 कौशलों के लाइव प्रदर्शन ने निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। मिशन की ओर से असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. एम.के. सिंह ने यह अवॉर्ड ग्रहण किया। इस उपलब्धि पर मिशन निदेशक श्री पुलकित खरे ने पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सम्मान प्रदेश के युवाओं के हुनर और टीम की मेहनत का परिणाम है।
ट्रेड शो के अंतिम दिन भी UPSDM पवेलियन में रौनक बरकरार रही। अंतिम दिन डॉ. मालविका हरि ओम ने अपनी टीम के साथ लोक गायन की शानदार प्रस्तुति दी। जैसे ही उनकी प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, पूरा पवेलियन सुरों से गूंज उठा और यह दौर देर शाम तक चलता रहा। खासतौर पर युवाओं ने लोक गीतों को खूब सराहा और उनके साथ गुनगुनाते नजर आए।
इसके अलावा ‘हुनर मंच’ पर भी दिन भर शानदार प्रस्तुतियों का दौर जारी रहा। ट्रेड शो में आए आगंतुकों ने हुनर मंच का आनंद लिया और साथ ही UPSDM के स्टॉल पर जाकर विभिन्न कौशलों को नजदीक से जाना और समझा। पांच दिनों तक चले इस ट्रेड शो में UPSDM ने साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश का हुनर अब वैश्विक पहचान के लिए तैयार है।
Post a Comment