Jay Times News

गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर कीर्ति फाउंडेशन ने चलाया ‘स्वच्छता से सुंदरता’ अभियान

...
संवाददाता।
-बच्चों ने श्रमदान, ड्राइंग प्रतियोगिता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में लिया हिस्सा
लखनऊ।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कीर्ति फाउंडेशन द्वारा कल्याणपुर क्षेत्र में “स्वच्छता से सुंदरता अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम में शंकरपुरवा द्वितीय वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि श्री दीपक तिवारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगर निगम लखनऊ की टीम भी कार्यक्रम में उपस्थित रही और कीर्ति फाउंडेशन द्वारा चलाए गए स्वच्छता से सुन्दरता अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान किया। मुख्य अतिथि श्री दीपक तिवारी, नगर निगम की टीम एवं फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने मिलकर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को याद करते हुए उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” के राष्ट्र निर्माण संबंधी संदेश को याद किया गया। साथ ही बच्चों को उनके सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा की भावना से परिचित कराया गया। बच्चों को बताया गया कि शिक्षित, स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।
कीर्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. कीर्ति पाण्डेय (भौतिक चिकित्सक एवं बाल रोग रिहैबिलिटेशन विशेषज्ञ) ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना, जबकि लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश को प्रेरणा दी। आज आवश्यकता है कि बच्चों को इन महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेकर स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए।
मुख्य अतिथि पार्षद प्रतिनिधि श्री दीपक तिवारी जी ने बच्चों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद कीर्ति फाउंडेशन की टीम, पार्षद प्रतिनिधि श्री दीपक तिवारी जी, बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने मिलकर कॉलोनी में विशेष श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने फाउंडेशन के अभियान में पूरा सहयोग प्रदान किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान में भाग लिया और स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के पश्चात बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विषय “मेरे सपनों का स्वच्छ भारत”, “बापू के तीन बंदर या चरखा” तथा “प्रकृति और स्वास्थ्य” रखे गए। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर भारत का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कीर्ति पाण्डेय द्वारा बच्चों को सही तरीके से हाथ धोने का Demo दिया गया तथा मौसमी बीमारियों से बचाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में शामिल जरूरतमंद बच्चों को कीर्ति फाउंडेशन की ओर से हाइजीन किट—साबुन, सैनिटाइजर, तौलिया एवं मास्क—तथा एजुकेशन किट—ड्राइंग बुक, रंग, पेंसिल आदि—वितरित की गई। ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं। बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुशासन और सेवा की भावना विकसित करके ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कीर्ति फाउंडेशन द्वारा भविष्य में भी बच्चों, वंचित वर्ग एवं जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post