भगवान श्रीराम के विग्रह पूजन के साथ आरंभ हुआ भव्य रामोत्सव
संवाददाता।
- 11 से 22 अक्टूबर तक ऐशबाग रामलीला मैदान में होगा भव्य आयोजन
लखनऊ । नवरात्रि पर्व के प्रथम दिवस पर श्री रामलीला समिति ऐशबाग के रामोत्सव 2026 का प्रारंभ कलश पूजन एवं प्रभु श्री राम जी, माता सीता, लक्ष्मण जी, भरत जी, शत्रुघ्न जी एवं हनुमान जी के विग्रह पूजन के साथ किया गया जिसे समिति के व्यवस्था प्रमुख शील कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया ।
सभी पूजन विधिविधान के साथ पंडित ललित मिश्र के द्वारा संपन्न कराए गए ।
इसके पश्चात मनोज तिवारी एवं उनके साथियों द्वारा संगीतमय सुंदारकांड के पाठ का आयोजन किया गया ।
रामोत्सव 2026 के सांस्कृतिक मंच का शुभारंभ मुख्यमंत्री के निजी सलाहकार अवनीश अवस्थी के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द्र अग्रवाल के साथ मंत्री ऋतुराज रस्तोगी, कोषाध्यक्ष शुभम अग्रवाल (प्रथम), उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल (द्वतिय) समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे ।
प्रथम दिवस की रामलीला का आरंभ पुत्रकामेष्ठि यज्ञ एवं श्रीराम जन्म के साथ हुआ ।
इसके उपरांत कालाकारों ने मंच पर बाजे बाजे अवध बधइया गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया जिसमे श्रीराम के जन्म पर खुशियों और उल्लास के भाव थे ।
कोलकाता के कलाकारों की प्रस्तुति देख दशर्कों ने अपनी तालियां बजाईं ।
लीला के अगले क्रम में श्रीराम का भाईयों के साथ वशिष्ठ आश्रम में विद्यार्जन करने जाना वहाँ से वापस आने पर महार्षि विश्वामित्र द्वारा श्रीराम व लक्ष्मण को अपने साथ ले जाना जहाँ ताड़का और सुबाहु जैसे राक्षसों का वध करने के उपरांत अहिल्या उद्धार तक की लीला का मंचन किया गया ।
रामलीला का भास्कर नाट्य कला केंद्र कोलकाता के कलाकारों द्वारा किया गया जिसमे बाल राम की भूमिका में उदिषा बासु, श्रीराम के स्वरूप मे राहुल बोस, लक्ष्मण जी के रोल में प्रथ्वी साहा, भरत के वेष में प्रशांत परिदा, शत्रुघन की भूमिका में सुमित रावत के साथ ही राजा दशरथ के किरदार में भास्कर बोस आदि कलाकारों ने अभिनय प्रस्तुति दीं ।
रामलीला के आरंभ से पूर्व मंच का आरंभ गणपति वंदना के साथ किया गया जिसे जीएमडी ग्रुप के बाल कलाकारों ने नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया ।
इसके उपरांत नित्या डांस एकडमी एवं रुद्र कला एकडमी के कलाकारों ने अपने नृत्य कौशल को मंच पर प्रस्तुत किया ।
श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जनकपुरी में सीता और राम का मिलन, धनुष यज्ञ, जनक प्रतिज्ञा, सीता स्वयंवर, परशुराम लक्ष्मण संवाद, राम जानकी विवाह की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
Post a Comment