Jay Times News

सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी का 18वां वार्षिक रेजिंग डे 'बढ़ते कदम' हॉलिडे इन में आयोजित हुआ

सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी का 18वां वार्षिक रेजिंग डे 'बढ़ते कदम' हॉलिडे इन में आयोजित हुआ

संवाददाता 
लखनऊ। सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी के कार्यक्रम मे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,गीतकार मनोज मुंतशिर शुक्ला, ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह समेत सैन्य अधिकारी, शिक्षाविद, अभिभावक और बड़ी संख्या में रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ 'तारों को चूमें तिरंगा' सत्र के तहत दीप प्रज्वलन से हुआ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मनोज मुंतशिर शुक्ला, सेंचूरियन फाउंडेशन के चेयरमैन हेमंत दीक्षित और सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।

मनोज मुंतशिर ने युवाओं से संवाद करते हुए राष्ट्रप्रेम, भारतीय सशस्त्र सेनाओं के प्रति सम्मान और देशसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी और सेंचूरियन फाउंडेशन के राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारियों और युवाओं को तैयार करने के साथ उनमें राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में संस्था का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने शहीद परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और मार्गदर्शन देने की पहल को भी सराहनीय बताया।

समारोह में 'वीरता पुरस्कार' के तहत पीएसी, फायर सर्विस, एनडीआरएफ, सशस्त्र सेनाओं के पूर्व जवानों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय साहस व सेवा करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कुछ वीरों को मरणोपरांत भी सम्मान दिया गया। प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम में कीर्ति चक्र विजेता लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के माता-पिता की विशेष मौजूदगी रही। उनके पिता जंग बहादुर तिवारी को मनोज मुंतशिर शुक्ला ने मंच से सम्मानित किया। वीर सैनिक के परिवार के सम्मान का यह क्षण समारोह के भावुक पलों में शामिल रहा।

इस दौरान मेजर जनरल एके चतुर्वेदी, मेजर जनरल समीर सभरवाल, कर्नल पीके मिश्रा, कर्नल अमित श्रीवास्तव, सेना मेडल, ग्रुप कैप्टन अर्नब बसु, कर्नल चक्रवर्ती और लेफ्टिनेंट कविश समेत सैन्य अधिकारियों व मार्गदर्शकों का भी सम्मान किया गया। एसएसबी द्वारा अनुशंसित, एनडीए समेत अन्य रक्षा परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया गया।

ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह ने सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी के आगामी दिल्ली केंद्र के शुभारंभ की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और 'कभी हार मत मानो' की भावना के साथ अनुशासन, फिटनेस और निरंतर अभ्यास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

रामेश नेशनल टैलेंट हंट 2.0 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सुधांशु यादव को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे दिव्यांशु दीक्षित को 51 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले निखिल चौधरी को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं रामेश नेशनल टैलेंट हंट 3.0 की घोषणा करते हुए बताया गया कि परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित होगी।

सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर दीक्षित ने कहा कि 18 वर्षों की यात्रा युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और पूरी टीम के विश्वास व प्रयासों का परिणाम है। संस्था का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, चरित्र और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post