Jay Times News

राज्य कर विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी

...
-02 सितम्बर से होगा अनिश्चितकालीन धरना
लखनऊ । उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ, राज्यकर के प्रदेश महामंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी सुरेश सिंह यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि राज्य कर विभाग में मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन एवं अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री प्रमुख सचिव राज्यकर उ0प्र0 शासन एवं आयुक्त राज्यकर द्वारा दिये गये निर्देशों का अनुपालन अपर आयुक्त प्रशासन, राज्यकर द्वारा नहीं किया गया है, जिसके कारण प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।

 पत्राचार के माध्यम से संघ द्वारा बराबर उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया जा रहा था, मौखिक अनुरोध भी किया गया, किन्तु आज तक कोई ठोस कार्यवाही कर्मचारियों की मांगों के सम्बन्ध में नहीं की गई है। जबकि अपने निकटतम कर्मचारी की उसी शासनादेश के अन्तर्गत पदोन्नति कर दी गई। प्रदेश महामंत्री सुरेश सिंह ने यह भी बताया कि मुख्यालय के आदेशानुसार गाजियबाद जोन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति की गई। 

उन्होंने यह भी बताया कि पदोन्नति समस्त जोन के स्तर पर की जाती थी, लेकिन किन कारणों से जानबूझकर मुख्यालय स्तर पर ज्येष्ठता सूची बनाकर पदोन्नति करने के लिए दो वर्ष से जानबूझकर विलम्ब किया गया। विलम्ब का कारण सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी होगी। 

 कर्मचारियों की मांगों का निस्तारण न किये जाने एवं उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन न किये जाने पर यह निर्णय लिया गया है कि दिनांक 02 सितम्बर 2026 से अनिश्चितकालीन धरना कार्यालय आयुक्त के सामने आरम्भ कर दिया जायेगा और यह भी निर्णय लिया गया है कि राजकीय कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसलिए शाम 6ः15 मिनट से सुबह 09ः00 बजे तक 5 दिन का धरना दिया जायेगा और धरने पर संघ के प्रांतीय महामंत्री स्वयं बैठेंगे और अवकाश के दिन पूरे दिन धरने पर बैठेंगे। 

5 दिन बाद समस्या का हल न होने पर एक दिन गांधी प्रतिमा स्थल, हजरतगंज में भी शांतिपूर्ण धरना दिया जायेगा और जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जायेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post