Jay Times News

इस्कॉन का भव्य आयोजन ‘गीता रसामृतम-2’, गीता के ज्ञान से गूंजेगी राजधानी

...
संवाददाता। 
-भगवान हैं या नहीं? मृत्यु किसकी होती है? अच्छे लोगों के साथ बुरा क्यों होता है? गीता प्रवचन में मिलेंगे जीवन के गूढ़ सवालों के जवाब।
 लखनऊ। श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य ज्ञान और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस्कॉन की ओर से दो दिवसीय ‘गीता रसामृतम-2’ श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

24 और 25 अक्टूबर को अंसल सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में हरिनाम संकीर्तन, मुकुंदा रॉक बैंड की विशेष प्रस्तुति, गीता प्रवचन और दिव्य प्रसादम आकर्षण का केंद्र होंगे।

महोत्सव को लेकर 23 अक्टूबर को होटल रेडिसन, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और लखनऊवासियों से परिवार सहित शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम पांच बजे दिव्य हरिनाम संकीर्तन से होगी। इसके बाद शाम पौने छह बजे से मुकुंदा रॉक बैंड अपनी विशेष प्रस्तुति देगा। वहीं, शाम साढ़े छह बजे से रात आठ बजे तक श्रीमद्भगवद्गीता के गूढ़ रहस्यों पर सरल भाषा में प्रवचन होंगे।

इन प्रवचनों में भगवान के साकार और निराकार स्वरूप, मृत्यु के रहस्य, जीवन में दुख के कारण और अच्छे लोगों के साथ बुरी घटनाएं क्यों होती हैं, जैसे महत्वपूर्ण सवालों पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके बाद सभी उपस्थित भक्तों के लिए दिव्य प्रसादम की व्यवस्था रहेगी।

प्रेस वार्ता में मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन आनंद स्वरूप अग्रवाल प्रभु जी, उपाध्यक्ष भोक्ताराम प्रभु जी, फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्वप्रिय प्रभु जी सहित इस्कॉन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई प्रमुख राजनीतिक एवं प्रशासनिक हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

इस्कॉन मंदिर अध्यक्ष ने युवाओं, युवतियों और बच्चों से विशेष रूप से इस महोत्सव में शामिल होने की अपील की, ताकि वे श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को समझकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य की ओर अग्रसर हो सकें।

तो अगर आप भी आध्यात्मिक ज्ञान, भक्ति और श्रीमद्भगवद्गीता के रहस्यों को करीब से जानना चाहते हैं, तो 24 और 25 अक्टूबर को शाम पांच बजे श्री श्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर, इस्कॉन, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ पहुंचना न भूलें।

हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे।
हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे।।

Post a Comment

Previous Post Next Post