Jay Times News

जयकारों और बैंड-बाजे की धुन के साथ लखनऊ में निकली महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा

जयकारों और बैंड-बाजे की धुन के साथ लखनऊ में निकली महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा
संवाददाता।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में श्री अग्रवाल सभा की ओर से आयोजित चार दिवसीय महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की शुरुआत गुरुवार शाम को एक अत्यंत भव्य एवं अलौकिक शोभायात्रा के साथ हुई। हज़रतगंज स्थित सहारागंज मॉल से प्रारंभ होकर परिवर्तन चौक तक जाने वाली इस शोभायात्रा में पूरा मार्ग 'महाराजा अग्रसेन की जय' के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। मुख्य संयोजक गोविंद कृष्ण अग्रवाल (पप्पू बोरा) की अगुवाई में शोभा यात्रा निकाली गई। संरक्षक राजेंद्र अग्रवाल, लोक राम अग्रवाल, भारत भूषण गुप्ता, त्रिलोक चंद्र ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथियों बीबीडी ग्रुप के विराज सागर दास, बीएलएक्स ग्रुप के पंकज अग्रवाल और केजीएमयू के डॉ. सुमित रुंगटा ने ध्वजारोहण कर और केसरिया ध्वज दिखाकर किया।
18 गोत्रों के प्रतिनिधि और दिव्य रथ बने आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा का सबसे भव्य और नयनाभिराम दृश्य यात्रा के सबसे पिछले हिस्से में देखने को मिला, जहाँ भव्य रूप से सजाए गए रथ पर महाराजा अग्रसेन जी विराजमान थे। उनके आगे 18 घोड़ों पर सवार समाज के 18 गोत्रों के प्रतिनिधि भव्य परिधानों में चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा रथ पर सवार भगवान अग्रसेन जी के ऊपर जमकर पुष्प वर्षा की गई। धार्मिक धुनों और बैंड-बाजे की ताल पर झूमते श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ अग्रवाल, महामंत्री विष्णु कुमार अग्रवाल और मुख्य संयोजक गोविंद कृष्ण अग्रवाल (पप्पू बोरा) ने बताया कि 8 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव के अगले दिनों में महिलाओं की प्रतियोगिताएं, एपीएल टी-20 क्रिकेट मुकाबला और मोतीनगर में मुख्य पूजन-हवन समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य जयंती 11 अक्टूबर को मनाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post